
ठियोग
पुलिस थाना ठियोग में एफआईआर संख्या 22/2026 दिनांक 28.02.2026 धारा 103(1) (302 आईपीसी) के अंतर्गत ग्राम जराई, डाकघर देवगढ़, तहसील ठियोग, जिला शिमला से संबंधित एक संदिग्ध हत्या के मामले में दर्ज की गई है।
यह प्रकरण ग्राम जराई निवासी जगदीश के बयान पर दर्ज किया गया है, जो कृषि एवं बागवानी का कार्य करते हैं। उनके अनुसार उन्होंने अपने बाग में स्थित डेरा के दो कमरों में कार्य हेतु एक नेपाली परिवार को ठहराया हुआ था। उक्त परिवार में सुरेश (नेपाली), उसकी पत्नी , उनकी तीन बेटियां, दो बेटे तथा भांजा धनी राम शामिल थे।
दिनांक 28 फरवरी 2026 को प्रातः जब जगदीश डेरा पहुंचे, तो दोनों कमरे बंद पाए गए तथा वहां कोई मौजूद नहीं था। जांच करने पर पहला कमरा खाली मिला। दूसरे कमरे में धनी राम फर्श पर अचेत पड़ा मिला और वह सांस नहीं ले रहा था।
शिकायतकर्ता द्वारा संदेह व्यक्त किया गया है कि सुरेश (नेपाली) ने रात्रि के दौरान उक्त घटना को अंजाम दिया तथा अपने परिवार सहित मौके से फरार हो गया।
मामले की जांच जारी है। पुलिस थाना ठियोग द्वारा आवश्यक कानूनी एवं जांच संबंधी कार्रवाई की जा रही है। संदिग्ध व्यक्ति की तलाश के प्रयास जारी हैं तथा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
जांच में प्रगति होने पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी।