
राष्ट्रपति भवन में गणतंत्र दिवस ‘एट होम’ कार्यक्रम में हिमाचल के किसान शोधकर्ता की विशेष सहभागिता
नई दिल्ली।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में देशभर से चयनित विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू क्षेत्र से किसान-शोधकर्ता जितेंद्र सिंह चौहान (जित्तू चौहान) को राष्ट्रपति महोदया द्वारा आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उन्हें भारत की राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा देश-विदेश से आए अनेक गणमान्य अतिथियों से भेंट की। उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर पूरे देश से केवल 8 किसानों को “किसान-शोधकर्ता” (Farmer Researcher) के रूप में आमंत्रित किया गया था।
यह चयन उनके द्वारा किए गए नवाचारपूर्ण कृषि अनुसंधान एवं बागवानी क्षेत्र में योगदान पर आधारित था, जिसकी शोध कहानी पूर्व में प्रकाशित की जा चुकी है। इस उपलब्धि के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), अटारी (ATARI) तथा कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) रोहड़ू की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही, जिन्होंने चयन प्रक्रिया में मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया।
जितेंद्र सिंह चौहान का प्रमुख शोध “SOS – 160 मीट्रिक टन उत्पादन प्रणाली (Stoli Orchard System)” पर आधारित है, जो सेब की आधुनिक एवं उच्च-उत्पादक बागवानी प्रणाली है। इसी शोध के आधार पर ‘खेत्यारी’ द्वारा वर्ष 2026 के रोपण सत्र में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर एवं उत्तराखंड में 100 SOS सेब बागों की स्थापना की योजना प्रस्तावित है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और वैज्ञानिक बागवानी को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है ।
जितेंद्र सिंह चौहान ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति महोदया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि देश के प्रगतिशील किसानों और कृषि नवाचारों की सामूहिक पहचान है।