शिमला
हिमाचल के 5 जिलों में लू का येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में लगातार पांच दिन बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। सोमवार को भी लाहुल-स्पीति के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी व चंबा व कांगड़ा में एक दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। सोमवार को राजधानी शिमला व आसपास भागों में हल्के बादलों के साथ धूप खिली रही। मैदानी जिलों में लू जैसे हालात बनने लगे हैं और तापमान लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को ऊना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के सात जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और कुल्लू में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार के लिए कांगड़ा, कुल्लू, ऊना, मंडी और सोलन जिलों में गर्म हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार दस और 13 मार्च को राज्य की ऊंची चोटियों पर कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है, जबकि 11, 12 और 14 मार्च को निचल क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।
अधिकतम तापमान
ऊना 35.0, नेरी 34.1,सुंदरनगर 33.4, मंडी 33.2, कांगड़ा 32.1, बरठीं 31.9, भुंतर 31.0, सोलन 30.2, धर्मशाला 29.1, नाहन 28.7, मनाली 24.5 व शिमला 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज
न्यूनतम तापमान
शिमला 14.6, सुंदरनगर 11.7, भुंतर 10.1, कल्पा 6.0, धर्मशाला 10.4, ऊना 14.5, नाहन 15.1, केलांग 4.7, पालमपुर 14.5, सोलन 10.5, मनाली 8.5, कांगड़ा 14.4 डिग्री सेल्सियस